पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का आज राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

हासन (कर्नाटक) : पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा देवेगौड़ा का अंतिम संस्कार आज कर्नाटक का हासन जिले के होलेनरसीपुर तालुक के हरदनहल्ली के निकट क्यातनहल्ली स्थित बेट्टदा रंगनाथस्वामी मंदिर की तलहटी में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनका शनिवार को निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को होलेनरसीपुर स्थित एच.डी. रेवन्ना के निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। परिजन, रिश्तेदार, राजनीतिक नेता और बड़ी संख्या में आमजन श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

 

अंतिम संस्कार के लिए जिला प्रशासन और परिवार की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बेट्टदा रंगनाथस्वामी मंदिर की तलहटी में एक विशाल टेंट लगाया गया है तथा लगभग 30 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। आमजन और विशिष्ट अतिथियों की सुविधा के लिए आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

 

दोपहर दो बजे के बाद धार्मिक अनुष्ठान शुरू होंगे। बेंगलुरु के जे.पी. नगर स्थित कनकगिरि श्री लक्ष्मीनारायणस्वामी मंदिर के प्रधान पुजारी कन्नन स्वामी के नेतृत्व में अंतिम संस्कार की धार्मिक विधियां संपन्न होंगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे के पश्चात राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी तथा शाम 4:30 बजे तक अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया गया है।

 

चेन्नम्मा देवेगौड़ा लंबे समय तक होलेनरसीपुर क्षेत्र में रहीं और हालेकोटे, मुत्तिगे हिरीहल्ली, हरदनहल्ली सहित आसपास के गांवों के लोगों के साथ उनका आत्मीय संबंध रहा। इसी कारण परिवार ने विचार-विमर्श के बाद बेट्टदा रंगनाथस्वामी मंदिर की तलहटी को अंतिम संस्कार स्थल के रूप में चुना है। इसी स्थान पर भविष्य में चेन्नम्मा देवेगौड़ा का स्मारक बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। यह जानकारी उनके दामाद एवं सांसद डॉ. सी.एन. मंजूनाथ ने दी।

 

अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, वी. सोमन्ना, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक, विधान परिषद में विपक्ष के नेता चलवाड़ी नारायणस्वामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र, सांसद बी.वाई. राघवेंद्र सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com