मोल्दोवा पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मु, उप प्रधानमंत्री मिहाई पोपशोई ने किया स्वागत

नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन देशों की राजकीय यात्रा के पहले चरण में सोमवार को मोल्दोवा की राजधानी चिशिनाउ पहुंच गईं। चिशिनाउ पहुंचने पर यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मोल्दोवा के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री मिहाई पोपशोई ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की पहली मोल्दोवा की यात्रा है।

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राष्ट्रपति मुर्मु के मोल्दोवा पहुंचने की जानकारी दी।

 

राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स अकाउंट से लिखा गया कि राष्ट्रपति मुर्मु के मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया की अपनी राजकीय यात्रा के पहले चरण में मोल्दोवा की राजधानी चिशिनाउ पहुंचने पर मोल्दोवा के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री मिहाई पोपशोई ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

 

राष्ट्रपति मुर्मु सोमवार को मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया सैंडू के साथ शिष्टमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। इसके अलावा वह मोल्दोवा की संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसू से मुलाकात करेंगी और मोल्दोवा-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। उनका व्यापार मंच को संबोधित करने तथा मोल्दोवा में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से मिलने का भी कार्यक्रम है।

 

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति मुर्मु 19 से 25 जुलाई तक मोल्दोवा, उत्तर मैसेडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा पर हैं। यात्रा के दूसरे चरण में वह 21 जुलाई को उत्तर मैसेडोनिया पहुंचेंगी, जहां राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। वह प्रधानमंत्री ह्रिस्टिजन मिकोस्की से मुलाकात करेंगी, उत्तर मैसेडोनिया की संसद को संबोधित करेंगी और भारत-उत्तर मैसेडोनिया व्यापार मंच में भी भाग लेंगी।

 

यात्रा के अंतिम चरण में राष्ट्रपति 23 जुलाई को रोमानिया पहुंचेंगी। वहां वह राष्ट्रपति, अंतरिम प्रधानमंत्री और सीनेट अध्यक्ष से मुलाकात करेंगी। साथ ही भारत-रोमानिया संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से बातचीत करेंगी, भारत-रोमानिया व्यापार मंच को संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलेंगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com