नीट में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई, प्रधानमंत्री मोदी की राजग सांसदों की बैठक ‘मंगल मिलन’ में घोषणा

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा(नीट) में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पेपर लीक की घटना सामने आते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई की। 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। साथ ही, यह सुनिश्चित करने के लिए कि छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, परीक्षा दोबारा कराई गई और बिना किसी देरी के नतीजे घोषित कर दिए गए।

 

यह घोषणा प्रधानमंत्री मोदी ने संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को संसद भवन परिसर में सुबह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक में कही। संसद के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित इस बैठक की जानकारी देते हुए केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े और प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों को सख्त सजा देने का भरोसा दिया।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पेपर लीक सिर्फ एक राज्य का मामला नहीं है। यह सिर्फ केंद्र का मामला नहीं है, हर एक राज्य में जहां-जहां पेपर लीक हो रहा है, जो लोग इस धंधे में लिप्त हैं, उनको सजा देने के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि नीट मामले में सभी दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होना चाहिए। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो, इसके लिए सख्ती से कदम उठाए जाएं और सजा दिलाने के लिए मिलकर काम होना चाहिए।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने राजगा (एनडीए) सांसदों से मानसून सत्र के दौरान एकजुट होकर सरकार का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने और सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करने का आह्वान किया। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा सांसद कंगना रनौत ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सांसदों का मार्गदर्शन किया और कई महत्वपूर्ण विषयों पर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं की आकांक्षाओं के साथ न्याय करने पर विशेष जोर दिया। प्रधानमंत्री ने नीट को लेकर सरकार की रणनीति भी साझा की और यह चिंता जताई कि देश की विभिन्न क्षेत्रों में हासिल युवाओं की उपलब्धियों और सफलताओं पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो रही है। उन्होंने सांसदों से इन उपलब्धियों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com