पटना : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रदर्शन पर कांग्रेस ने पूरी तरह सुनियोजित तरीके से पत्थरबाजी और लाठीचार्ज कराया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता ने पहले प्रधानमंत्री आवास पर जाकर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार किया और उसके बाद पटना में कांग्रेस कार्यालय को हिंसा का केंद्र बना दिया।
पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से कांग्रेस कार्यालय के समक्ष लोकतांत्रिक विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं के हाथों में केवल पार्टी के झंडे थे, लेकिन कांग्रेस कार्यालय के भीतर पहले से पत्थर, लाठियां और अराजक तत्वों को जुटाकर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कराया गया।
उन्होंने कहा कि इस हमले में बड़ी संख्या में विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हुए तथा कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि भागलपुर के विधायक रोहित पांडेय, रामकृपाल यादव विधायक विनय बिहारी, भाजपा नेता अनिल कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी नीरज कुमार, घनश्याम ठाकुर सहित अनेक नेताओं के वाहनों में तोड़फोड़ की गई। वहीं युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हुए।
शाहनवाज ने कहा कि मीडिया भी इस हिंसा का शिकार बना और एबीपी, एएनआई, आज तक, एनडीटीवी तथा अन्य मीडिया संस्थानों के कई पत्रकार घायल हुए, जो इस बात का प्रमाण है कि हमला पूरी तरह पूर्व नियोजित था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हमले में इस हमले में शशि आनंद, जितेंद्र सिंह, उपेंद्र कुमार सिंह, अभिषेक आनंद, ऋषभ नारायण, बलराम मंडल, सनोज कुमार, जितेश गुंजन, राजू गुप्ता, रमाकांत, आनंद मधुकर, विशाल कुमार, राकेश कुमार, अमित पांडे, अभिषेक सिंह, शंभू केसरी, दिवाकर शर्मा, सोचित कुशवाहा, विकास कुमार, अभिषेक कुमार, प्रशांत शेखर, मुन्ना सिंह, सूरज कुमार, सुनील कुमार महतो, मनोहर कुमार सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनावी हार से हताश होकर अब लोकतांत्रिक राजनीति छोड़ अराजकता और हिंसा का रास्ता अपना रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने हिंसा में शामिल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की पहचान कर उनके नाम पुलिस प्रशासन को सौंप दिए हैं तथा दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि आइसा के बैनर तले भाजपा प्रदेश कार्यालय पर किया गया हमला भी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आड़ में असामाजिक और अराजकतावादी तत्वों ने भाजपा कार्यालय में घुसने तथा तोड़फोड़ का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन सभी का अधिकार है, लेकिन हिंसा, पथराव और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने नीट परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया है तथा पेपर लीक पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया है। इसके बावजूद कुछ राजनीतिक दल छात्रों को गुमराह कर बिहार का माहौल बिगाड़ने की साजिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता कांग्रेस और वामपंथी दलों की इस हिंसक राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
इस प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष हरिभूषण ठाकुर बचौल, प्रणव कुमार यादव, नंद प्रसाद चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल तथा सह मीडिया प्रभारी प्रभात मालाकार भी उपस्थित रहे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal