देहरादून टी-20 लीग के लिए खिलाड़ी ट्रायल संपन्न, 650 खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

देहरादून : उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन (सीएयू) द्वारा अनुमोदित देहरादून टी-20 लीग 2026 के आधिकारिक खिलाड़ी चयन ट्रायल का आयोजन देहरादून के नथुवावाला स्थित कीमतीलाल शर्मा क्रिकेट ग्राउंड में संपन्न हुआ। लीग के लिए कुल 650 खिलाड़ियों ने प्लेयर ड्राफ्ट के लिए अपना पंजीकरण कराया, जिनमें से 350 से अधिक खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

 

देहरादून टी-20 लीग 2026 का आयोजन 2 से 9 सितंबर तक देहरादून के अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी में किया जाएगा। टूर्नामेंट में कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 15 लीग मैच, सेमीफाइनल और फाइनल शामिल होंगे।

 

शनिवार को लीग के लिए खिलाड़ियों का मूल्यांकन चयन समिति के सदस्य धीरनराज शर्मा एवं शिवम खिराना द्वारा किया गया। ट्रायल के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को आगामी आधिकारिक प्लेयर ड्राफ्ट में शामिल किया जाएगा, जहाँ लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमें अपने-अपने खिलाड़ियों का चयन करेंगी।

 

सीएयू के मुख्य संरक्षक पी.सी. वर्मा ने कहा कि देहरादून टी-20 लीग युवा क्रिकेट प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं उत्तराखंड में क्रिकेट की मजबूत नींव तैयार करने के साथ-साथ खिलाड़ियों को उच्च स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं।

 

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व उपाध्यक्ष एवं क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पूर्व सचिव महिम वर्मा ने कहा कि देहरादून टी-20 लीग राज्य में क्रिकेट के विकास की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। यह प्रतियोगिता उभरते खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण अवसर और अनुभव प्रदान करेगी तथा उन्हें उच्च स्तरीय क्रिकेट तक पहुंचने का सशक्त मंच उपलब्ध कराएगी।

 

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ दून के सचिव पीयूष कुमार रघुवंशी ने कहा कि देहरादून टी-20 लीग के ट्रायल में खिलाड़ियों की शानदार भागीदारी उत्तराखंड में क्रिकेट के प्रति बढ़ते उत्साह का प्रमाण है। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ दून प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निष्पक्ष एवं पेशेवर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। हमें विश्वास है कि यह लीग उत्तराखंड में क्रिकेट विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

 

देहरादून टी-20 लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवनीत मिश्रा ने कहा कि 650 खिलाड़ियों का पंजीकरण और ट्रायल में 350 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी उत्तराखंड में क्रिकेट के प्रति बढ़ते जुनून को दर्शाती है। हमारा उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक पेशेवर मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर प्राप्त कर सकें।

 

एसोसिएशन ने बताया कि ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को देहरादून टी-20 लीग 2026 की छह फ्रेंचाइजी टीमों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। यह लीग उत्तराखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पेशेवर मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ राज्य में क्रिकेट के समग्र विकास को नई दिशा देने का कार्य करेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com