Mainpuri : फावड़े से वार कर पत्नी की निर्मम हत्या, घरेलू विवाद ने उजाड़ा परिवार, गांव में फैली दहशत

Mainpuri : जनपद के करहल थाना क्षेत्र के भूरेपुर गांव में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली इस सनसनीखेज घटना में एक पति ने अपनी पत्नी की फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही करहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह हत्या की मुख्य वजह सामने आ रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इधर, घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। इस जघन्य वारदात ने एक बार फिर घरेलू विवादों के भयावह परिणामों को उजागर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com