पश्चिम बंगाल में एक लाख पुलिसकर्मियों की होगी भर्ती, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की घोषणा

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को घोषणा की कि राज्य में अगले कुछ वर्षों में चरणबद्ध ढंग से एक लाख नए पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 14 हजार पुलिस कॉन्स्टेबल प्रशिक्षण पूरा कर नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इनकी तैनाती आगामी दुर्गापूजा से पहले कर दी जाएगी।

 

भवानी भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्रति एक लाख की आबादी पर 106 पुलिसकर्मी हैं, जबकि राष्ट्रीय औसत 155 है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को और सशक्त बनाने के लिए रिक्त पदों पर तेजी से भर्ती की जाएगी। उनके अनुसार राज्य में अभी 47 हजार पद रिक्त हैं तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से जुड़े विषय का समाधान होने के बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

 

मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों के राशन भत्ते में भी वृद्धि की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अब तक डेढ़ हजार रुपये मिलने वाला राशन भत्ता बढ़ाकर दो हजार रुपये कर दिया गया है।

 

कार्यक्रम में नागरिकों की शिकायतों के लिए चार टोल फ्री नंबर भी शुरू किए गए। इन नंबरों पर राज्य के किसी भी भाग से शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि झूठी सूचना देने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की तर्ज पर राज्य अन्वेषण अभिकरण (एसआईए) का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि कानून के दायरे में रहकर पूरी निष्ठा से कार्य करें, राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com