नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद कुछ देर के लिए बिकवाली का दबाव भी बना। हालांकि यह बिकवाली थोड़ी देर में ही रुक गई और खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी। लिवाली के जोर से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में और तेजी आ गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.94 प्रतिशत और निफ्टी 0.88 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, लार्सन एंड टूब्रो, टीसीएस और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर 3.45 प्रतिशत से लेकर 2.02 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, इंटरग्लोब एवियेशन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, कोल इंडिया, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और एक्सिस बैंक के शेयर 1.17 प्रतिशत से लेकर 0.47 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,693 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,003 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 690 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 23 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर सात शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 38 शेयर हरे निशान में और 12 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 675.85 अंक यानी 0.86 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,423.77 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे यह सूचकांक फिसल कर 77,333.24 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स की चाल में दोबारा तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 723.43 अंक की बढ़त के साथ 77,489.34 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 191.30 अंक यानी 0.80 प्रतिशत उछल कर 24,176.65 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद कुछ देर के लिए बिकवाली का दबाव भी बना, जिसकी वजह से निफ्टी की लुढ़क कर 24,136.75 अंक के स्तर तक गिर गया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 210.15 अंक की मजबूती के साथ 24,195.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 69.86 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,765.92 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 10.60 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,985.35 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal