दुनियाभर में रिलीज हुआ ‘रामायण’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर

निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का आधिकारिक ट्रेलर गुरुवार को दुनियाभर में रिलीज कर दिया गया। नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, आठ बार ऑस्कर विजेता वीएफएक्स स्टूडियो डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से बनी इस फिल्म का ट्रेलर हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत पांच भारतीय भाषाओं में जारी किया गया। फिल्म का वैश्विक वितरण सोनी पिक्चर्स करेगा, जबकि उत्तर भारत में इसे धर्मा प्रोडक्शंस रिलीज करेगा। यह दो भागों में बनने वाली महागाथा का पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।

 

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा अरुण गोविल राजा दशरथ, रवि दुबे लक्ष्मण, शोभना कैकेयी, अजिंक्य देव ऋषि विश्वामित्र, कुणाल कपूर भगवान इंद्र और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी भगवान राम के वनवास से लेकर रावण के साथ धर्म और अधर्म के महायुद्ध तक की यात्रा को भव्य सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत करेगी। इसकी पटकथा श्रीधर राघवन ने लिखी है, जबकि संगीत ऑस्कर विजेता हांस ज़िमर और ए.आर. रहमान ने तैयार किया है।

 

निर्माता नमित मल्होत्रा ने कहा कि ‘रामायण’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास है। वहीं निर्देशक नितेश तिवारी ने कहा कि उनका उद्देश्य इस कालजयी महागाथा को पूरी श्रद्धा, प्रामाणिकता और भव्यता के साथ बड़े पर्दे पर उतारना है। उन्होंने विश्वास जताया कि फिल्म अपनी भावनात्मक गहराई, तकनीकी उत्कृष्टता और विश्वस्तरीय प्रस्तुति के जरिए दुनिया भर के दर्शकों से जुड़ने में सफल होगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com