अमेरिका के इडाहो में बर्गर रेस्तरां के अंदर खूनी खेल: अंधाधुंध गोलीबारी में तीन की मौत, हमलावर ढेर

वॉशिंगटन : अमेरिका के इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर में एक सनसनीखेज गोलीबारी की घटना सामने आई है। शहर के एक लोकप्रिय रेस्तरां के भीतर हुई इस अंधाधुंध फायरिंग में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस खूनी संघर्ष के दौरान हमलावर भी मारा गया है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और समुदाय के लिए फिलहाल कोई खतरा नहीं बचा है।

 

व्यस्त कारोबारी इलाके में हुआ हमला

यह दुखद घटना शहर के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले कारोबारी इलाके में हुई, जहां कई बड़े स्टोर, होटल और रेस्तरां स्थित हैं। शनिवार दोपहर जब रेस्तरां के अंदर ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ थी, तभी अचानक एक हमलावर ने वहां गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इस अचानक हुए हमले से रेस्तरां और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कई पुलिस एजेंसियां और आपातकालीन मेडिकल टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों ने आसपास की सड़कों को सील कर दिया और लोगों को उस क्षेत्र से दूर रहने की हिदायत दी।

 

पुलिस प्रमुख का बयान और हमलावर की तलाश

ट्विन फॉल्स के पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी दी कि उन्हें पूरा भरोसा है कि अब जनता के लिए कोई खतरा नहीं है। संदिग्ध हमलावर घटनास्थल के पास ही मृत अवस्था में पाया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस खूनी हमले के पीछे की मुख्य वजह क्या थी और हमलावर का बैकग्राउंड क्या था। अधिकारियों का कहना है कि चूंकि मामला बेहद संवेदनशील है, इसलिए मृतकों और घायलों के सटीक आंकड़े और उनकी पहचान आधिकारिक तौर पर उनके परिवारों को सूचित करने के बाद ही पूरी तरह सार्वजनिक किए जाएंगे।

 

हाल ही में खुला था रेस्तरां, इलाके में दहशत

पुलिस के अनुसार, यह गोलीबारी जिस ‘इन-एन-आउट बर्गर’ रेस्तरां के अंदर शुरू हुई, वह उस इलाके में महज एक सप्ताह पहले ही नया-नया खुला था और कुछ ही दिनों में स्थानीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो गया था। इस घटना के बाद एहतियात के तौर पर आसपास के मार्गों के अलावा स्नेक रिवर कैन्यन पर बने प्रमुख पेरिन ब्रिज को भी बंद करना पड़ा। दक्षिणी इडाहो के इस प्रमुख क्षेत्रीय केंद्र और लगभग 56 हजार की आबादी वाले शांत शहर ट्विन फॉल्स में इस तरह की घटना से हर कोई स्तब्ध है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com