देविका सिहाग ने जीता अपना पहला सुपर 300 खिताब, ऐसा करने वाली बनी तीसरी भारतीय महिला

बैंकॉक : भारत की उभरती बैडमिंटन खिलाड़ी देविका सिहाग ने इतिहास रचते हुए रविवार को 2.50 लाख डॉलर इनामी टूर्नामेंट थाईलैंड मास्टर्स जीतकर अपना पहला वर्ल्ड टूर सुपर 300 खिताब जीता। इसके साथ ही वह पी.वी. सिंधु और साइना नेहवाल के बाद सुपर 300 महिला एकल खिताब जीतने वाली तीसरी भारतीय खिलाड़ी बन गईं।

 

20 वर्षीय गैरवरीय देविका फाइनल मुकाबले में कोरिया की गोह जिन वेई के खिलाफ शानदार लय में थीं। वह पहला गेम 21-8 से जीत चुकी थीं और दूसरे गेम में 6-3 से आगे चल रही थीं, तभी चोट के कारण गोह जिन वेई को मुकाबले से हटना पड़ा और देविका को विजेता घोषित किया गया।

 

देविका की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर ओलंपिक पदक विजेता पी.वी. सिंधु ने भी उन्हें बधाई दी। सिंधु ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा कि जब मेरे ट्रेनिंग पार्टनर अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो मुझे बेहद खुशी होती है। देविका मेरे और कोच इरवांस्याह के साथ बेंगलुरु में ट्रेनिंग करती हैं। उनकी मेहनत और समर्पण को मैंने बेहद करीब से देखा है। उनकी यह जीत अनुशासन, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास का परिणाम है। मुझे उन पर गर्व है।

 

देविका सिहाग का करियर लगातार प्रगति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने अगस्त 2025 में मलेशिया इंटरनेशनल जीतकर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब हासिल किया था। इसके अलावा उन्होंने 2025 वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भारत को मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

 

पिछले सत्र में भी देविका का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। वह इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 100 में उपविजेता रहीं और चार फाइनल मुकाबलों तक पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने स्वीडिश ओपन और पुर्तगाल इंटरनेशनल के खिताब जीते, जबकि एस्टोनियन इंटरनेशनल और डच इंटरनेशनल में दूसरे स्थान पर रहीं।

 

देविका की यह जीत न सिर्फ उनके करियर की बड़ी उपलब्धि है, बल्कि भारतीय महिला बैडमिंटन के लिए भी एक और गौरवपूर्ण क्षण है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com