‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा से पहले अभिजीत दिपके और नेहा बोरा हिरासत में

नई दिल्ली । कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) प्रमुख अभिजीत दिपके और अखिल भारतीय छात्र संघ (एआईएसए) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को शुक्रवार को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क से प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा से पहले ही हिरासत में ले लिया गया।

हिरासत से पहले दिल्ली पुलिस दिपके जहां ठहरे हुए थे वहां पहुंची और उन्हें मार्च न निकालने का नोटिस सौंपा। इसके बावजूद दिपके दिल्ली में तिरंगा रैली के लिए रवाना हुए जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। नेहा बोरा को मंडी हाउस से हिरासत में लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है। इसके तहत बिना अनुमति प्रदर्शन, मार्च निकालने और भीड़ जुटाने पर रोक है।

दिपके ने एक दिन पहले अपने समर्थकों से आज शाम पांच बजे कनॉट प्लेस स्थित सेन्ट्रल पार्क में तिरंगा यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया था। इस घोषणा के बाद पहले ही तैनात सुरक्षा बलों की संख्या को और अधिक बढ़ा दिया गया। कनॉट प्लेस और इसके आसपास क्षेत्रों में 11 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इस यात्रा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने 21 प्रमुख मार्गों पर परिवर्तन की योजना तैयार की है।

इससे पहले आम आदमी पार्टी (आआपा) ने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में अपने पार्टी मुख्यालय से तिरंगा यात्रा निकाला। इस यात्रा में पार्टी के विधायक, पार्षद और कार्यकर्ता शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि सीजेपी, वामपंथी दल, अन्य विपक्षी दल और छात्र संगठन इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। उनकी मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com