वैष्णव ने एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता महिला कबड्डी टीम की सदस्यों से मुलाकात की

नई दिल्ली । रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को यहां रेल भवन में एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्यों से मुलाकात की और उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपने समर्पण, दृढ़ संकल्प और शानदार खेल प्रदर्शन से तिरंगे का मान बढ़ाया है।

रेल मंत्रालय की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने 26 सितंबर को खेले गए रोमांचक फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। भारतीय टीम ने इस जीत के साथ एशियाई खेलों में अपना खिताब भी बरकरार रखा।

टीम की मुख्य कोच नीता मोरेश्वर दादवे और कप्तान पुष्पा राणा हैं। रेल मंत्री से मिलने वाले खिलाड़ियों में दक्षिण मध्य रेलवे की मुख्य कोच नीता मोरेश्वर दादवे, ऋतु नेगी और पिंकी रॉय, उत्तर रेलवे की पूजा तथा पश्चिम रेलवे की सोनाली विष्णु शिंगटे और राज रानी शामिल थीं। वैष्णव ने रेलवे की महिला खिलाड़ियों को उनकी स्वर्णिम उपलब्धि पर बधाई दी और देश को गौरवान्वित करने के लिए उनकी सराहना की।

रेल मंत्रालय के अनुसार, भारतीय रेलवे अपने रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड के माध्यम से लंबे समय से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रहा है। रेलवे के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेल जैसी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। रेलवे खिलाड़ियों को रोजगार के साथ खेल में आगे बढ़ने के अवसर और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराता है। इससे देश में खेल प्रतिभाओं को विकसित करने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने में योगदान मिलता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com