कोलकाता : भारतीय तटरक्षक बल (इंडियन कोस्ट गार्ड) ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में बंगाल की खाड़ी में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा का उल्लंघन करने के आरोप में 24 बांग्लादेशी मछुआरों को गिरफ्तार किया। बाद में सभी को पश्चिम बंगाल पुलिस की तटीय शाखा को सौंप दिया गया।
भारतीय रक्षा मंत्रालय के पूर्वी कमान मुख्यालय ने मंगलवार काे बताया कि सोमवार तड़के गश्त के दौरान तटरक्षक बल के एक पोत ने भारतीय जलक्षेत्र के भीतर एक बांग्लादेशी मछली पकड़ने वाले ट्रॉलर को देखा। इसके बाद तटरक्षक पोत ने ट्रॉलर का पीछा कर उसे भारतीय जलसीमा के भीतर ही पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद सोमवार दोपहर मछुआरों को फ्रेजरगंज कोस्टल पुलिस थाने को सौंप दिया गया।
पूछताछ में मछुआरों ने दावा किया कि घने कोहरे के कारण वे अनजाने में भारतीय जलसीमा में प्रवेश कर गए। हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह पता लगाने के लिए आगे की पूछताछ जारी है कि घुसपैठ गलती से हुई या इसके पीछे कोई अन्य मंशा थी। गिरफ्तार मछुआरे अपनी पहचान से जुड़े कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके।
कोस्ट गार्ड प्रवक्ता ने बताया कि पकड़े गए मछुआरे गलती से नहीं घुसे थे बल्कि वे अमूमन भारतीय जल सीमा में आते रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय पेट्रोलिंग टीम ने कंफर्म किया है कि ये मछुआरे अक्सर कोस्टल क्षेत्र को खाली देखकर घुस आते थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद इन पर नजर रखी गई थी और अब गिरफ्तार किया गया है
एक जिला पुलिस अधिकारी ने बताया, “अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा का अवैध उल्लंघन कर भारतीय जलसीमा में प्रवेश करने के आरोप में सभी को गिरफ्तार किया गया है। इन्हें आज (मंगलवार) को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।”
गौरतलब है कि, हाल के महीनों में भारतीय तटरक्षक बल ने अवैध रूप से भारतीय जलक्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में 100 से अधिक बांग्लादेशी मछुआरों को हिरासत में लिया है। इनमें से कुछ को बाद में रिहा किया गया, जबकि अन्य के मामलों की सुनवाई दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप न्यायालय में जारी है।
इससे पहले 18 दिसंबर, 2025 को 35 बांग्लादेशी मछुआरों को गिरफ्तार कर उनके दो ट्रॉलर जब्त किए गए थे। वहीं 15 दिसंबर, 2025 को एक बांग्लादेशी नौसेना जहाज द्वारा भारतीय जलसीमा में प्रवेश के दौरान काकद्वीप के मछुआरों के एक ट्रॉलर से टक्कर की घटना में 11 मछुआरे बाल-बाल बच गए थे, जबकि पांच अन्य लापता हो गए थे। सोमवार को डूबे हुए ट्रॉलर को काकद्वीप के मोयनापाड़ा घाट पर लाया गया।
बांग्लादेश में पिछले वर्ष से जारी राजनीतिक उथल-पुथल के मद्देनजर दक्षिण 24 परगना जिले सहित पश्चिम बंगाल के अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमावर्ती इलाकों में भारतीय तटरक्षक बल और राज्य पुलिस की तटीय इकाई द्वारा निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है।——————–
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal