सऊदी प्रो लीग का बहिष्कार खत्म करने को तैयार रोनाल्डो, अल-इत्तिहाद के खिलाफ उतरने की संभावना

रियाद : पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर और अल-नस्र के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो के सऊदी प्रो लीग में अपने कथित बहिष्कार को खत्म कर शुक्रवार को अल-इत्तिहाद के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले में खेलने की संभावना है।

 

गोल.कॉम की एक रिपोर्ट में यह खबर ऐसे समय आई है, जब पांच बार के बैलन डी’ओर विजेता रोनाल्डो ने हाल ही में अल-रियाद के खिलाफ डर्बी मुकाबले में हिस्सा नहीं लिया था। माना जा रहा है कि वह सऊदी अरब में क्लबों के बीच ट्रांसफर फंड के असमान वितरण से नाराज थे।

 

इससे पहले यह खबरें थीं कि रोनाल्डो सऊदी पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (पीआईएफ) की क्लब प्रबंधन और निवेश नीति से असंतुष्ट होकर लगातार दूसरे सऊदी प्रो लीग मैच का बहिष्कार कर सकते हैं। अल-नस्र ने सोमवार को अल-रियाद के खिलाफ 1-0 से जीत दर्ज की थी, लेकिन उस मैच में रोनाल्डो मैदान पर नजर नहीं आए थे।

 

रिपोर्ट के मुताबिक रोनाल्डो को यह भी नाराजगी थी कि पीआईएफ कथित तौर पर अल-नस्र में पर्याप्त निवेश नहीं कर रहा, जबकि उसके चिर-प्रतिद्वंद्वी अल-हिलाल को ज्यादा समर्थन दिया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, रोनाल्डो ने फ्रांसीसी फुटबॉल स्टार करीम बेंजेमा के अल-इत्तिहाद से अल-हिलाल जाने के प्रस्ताव का भी विरोध किया था, क्योंकि उन्हें यह कदम अनुचित लगा और इससे अल-हिलाल के खिताब जीतने की राह आसान होती दिख रही थी।

 

हालांकि, इस सप्ताह रोनाल्डो ने टीम के साथ ट्रेनिंग की और बुधवार को सोशल मीडिया पर अल-नस्र की जर्सी में अपनी तस्वीरें भी साझा कीं। इसके बावजूद क्लब के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर कोच जॉर्ज जीसस और अन्य खिलाड़ियों की ट्रेनिंग तस्वीरें तो दिखीं, लेकिन रोनाल्डो की कोई फोटो साझा नहीं की गई।

 

लीग तालिका की बात करें, तो अल-नस्र 46 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और वह शीर्ष पर मौजूद अल-हिलाल से सिर्फ एक अंक पीछे है। वहीं, अल-इत्तिहाद फिलहाल छठे स्थान पर है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा।

 

हाल के महीनों में अल-नस्र के स्पोर्टिंग डायरेक्टर सिमाओ कूटिन्हो और सीईओ जोसे सेमेडो को पीआईएफ ने निलंबित कर दिया था। इस फैसले के बाद क्लब के खर्चों में कटौती हुई और शीर्ष खिलाड़ियों के आने की संभावनाएं भी प्रभावित हुईं, जिससे रोनाल्डो की नाराजगी और बढ़ गई।

 

इसके उलट, अल-हिलाल को सऊदी अरब के प्रिंस अलवलीद बिन तलाल अल-सऊद से बड़ा वित्तीय समर्थन मिला है। ईएसपीएन के अनुसार, मौजूदा ट्रांसफर विंडो में अल-हिलाल के सभी साइनिंग—जिसमें बेंजेमा भी शामिल हैं—का खर्च अलवलीद ने उठाया है। अल-हिलाल में उनकी 25 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि बाकी हिस्सेदारी पीआईएफ के पास है।

 

सूत्रों का कहना है कि रोनाल्डो सऊदी अरब में मौजूदा हालात से निराश हैं और अभी तक अल-नस्र के साथ कोई बड़ा खिताब नहीं जीत पाए हैं। उन्हें यूरोप और अमेरिका के क्लबों से ऑफर मिले हैं, लेकिन वह फीफा विश्व कप की तैयारी पर असर न पड़े, इसलिए उन्हें स्वीकार नहीं करना चाहते।

 

रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी प्रो लीग अपने सबसे बड़े सितारों में से एक को खोना नहीं चाहती। इसी वजह से अल-नस्र और पीआईएफ ने रोनाल्डो को गर्मियों में बड़े निवेश का भरोसा दिया है, जिसमें उनके पुर्तगाल टीम के साथी और मैनचेस्टर यूनाइटेड के स्टार ब्रूनो फर्नांडिस का नाम भी शामिल बताया जा रहा है।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com