राहुल गांधी किसानों और कपड़ा निर्यातकों के बीच भ्रम फैला रहें : पीयूष गोयल

नई दिल्ली : केन्द्रीय वाणिज्य उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर पलटवार किया है। कपड़ा निर्यातकों और कपास उत्पादक किसानों को लेकर दिए बयान का खंडन करते हुए मंत्री ने शनिवार को कहा कि राहुल गांधी देश के किसानों और कपड़ा निर्यातकों के बीच भ्रम फैला रहे हैं।

 

पीयूष गोयल ने मुंबई में एक पत्रकार वार्ता में राहुल पर निशाना साधा और इसे अपने एक्स अकाउंट से भी साझा किया। गोयल ने कहा कि राहुल गांधी नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। यह देश की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास है।

 

कपड़ा उद्योग को लेकर राहुल के बयान पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि 38 विकसित देशों को शामिल करने वाले हमारे 9 मुक्त व्यापार समझौतों ने 45 लाख करोड़ रुपये के संभावित वस्त्र बाजार के द्वार खोल दिए हैं। देश आज 4 लाख करोड़ रुपये के वस्त्रों का निर्यातक है। इससे किसानों और कपड़ा व्यापारियों को लाभ मिलेगा। साथ ही लाखों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

 

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कपड़ा निर्यातकों पर हमला कर रहे हैं और भारतीय किसानों को डराने की कोशिश कर रहे हैं कि कपास की मांग कम हो जाएगी। उन्हें यह जानकारी नहीं है कि अमेरिका में कपास का उत्पादन बहुत कम है और अमेरिकी निर्यात केवल 6 अरब डॉलर है। उन्हें यह भी नहीं पता कि बांग्लादेश भारत से 27 लाख डॉलर का कपास आयात करता है, और उन्हें यह आयात जारी रखना होगा क्योंकि अमेरिका के पास अतिरिक्त कपास नहीं है। ऐसे में हमारे कपड़ा क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाओं को देखते हुए, भारतीय कपास की मांग लगातार बढ़ेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।

 

‘निर्यात के लिए शून्य-शुल्क आयात’ की नीति पर मंत्री ने कहा कि राहुल अपनी ही सरकार की नीतियों पर हमला कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में रहते हुए विदेश व्यापार नीति और विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) अधिनियम के तहत निर्यात वस्तुओं के उत्पादन में उपयोग होने वाले कच्चे माल के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी थी। इसमें कपास भी शामिल था।

 

उल्लेखनीय है कि इससे पहले राहुल गांधी ने कहा था कि अमेरिका के साथ हुए समझौते को लेकर केन्द्र सरकार और मंत्री भ्रम फैला रहे हैं। देश में कपड़ा उद्योग और कपास की खेती पर करोड़ो लोगों की जीविका टिकी है। समझौते से बड़ी संख्या में लोगों पर आर्थिक संकट आएगा।

 

राहुल गांधी ने एक्स पर एक वीडियो संदेश में कहा था कि हमारा देश अमेरिका से कपास आयात करता है तो उसे गारमेंट्स निर्यात पर शुल्क नहीं देना पड़ेगा। अगर भारत ऐसा नहीं करेगा तो उस पर 18 प्रतिशत कर देना पड़ेगा। अमेरिका से कपास मंगवाने पर हमारे किसान बर्बाद हो जाएंगे। वहीं नहीं मंगवाने पर कपड़ा उद्योग पिछड़कर तबाह हो जाएगा। बांग्लादेश संकेत दे रहा है कि वह भारत से कपास आयात भी कम या बंद कर सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com