सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में 76 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

हरिद्वार : पुरुषोत्तम मास की सोमवती अमावस्या के पावन स्नान पर्व पर आज हरिद्वार में श्रद्धालु स्नानार्थियों ने पुराने सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। विश्व प्रसिद्ध

 

हरकीपैैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर सायं कालीन होने वाली गंगा आरती दर्शन तक 76 लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने मां गंगा में डुबकी लगाकर मोक्ष प्राप्ति की कामना की। स्नान के बाद पौराणिक नारायणीी शिला सहित श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में जाकर दर्शन किए और दान पुण्य किया।

 

आज अधिक मास ज्येष्ठ कृष्ण अमावस्या का पावन पर्व है। पुरुषोत्तम मास की अमावस्या को सनातनियों द्वारा मां गंगा सहित पवित्र नदियों में स्नान करने की परंपरा है। इस परंपरा का निर्वाह करते हुए हरिद्वार में उत्तराखंड के समीपव्रती राज्यों के साथ देशभर से भारी संख्या में श्रद्धालु शनिवार से ही हरिद्वार पहुंचना शुरू हो गए थे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर को 6 सुपर जोन 16 जोन तथा 46 सेक्टर में बांटकर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की थी, लेकिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते सारी व्यवस्थाएं चरमरा गई। स्थिति यह हुई कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह को व्यवस्थाएं बनाने के लिए स्वयं सड़कों पर उतरना पड़ा।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार आज भोर सवेरे से ही श्रद्धालुओं का गंगा स्नान के लिए पहुंचना शुरू हो गया था। संध्याकालीन होने वाली गंगा आरती तक हर की पैड़ी सहित अन्य घाटों पर 76 लाख 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं के गंगा में डुबकी लगाने का दावा प्रशासन ने किया गया है। एसएसपी नवनीत सिंह के अनुसार श्रद्धालुओं का लगातार आगमन बना हुआ है और अभी भी हर की पैड़ी सहित विभिन्न घाटों पर गंगा स्नान जारी है।

 

उल्लेखनीय है कि हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भीड़ का यह आंकड़ा पिछले सभी स्नान पर्वों से ऊपर है। कांवड़ मेले के चरम दिनों में भी यह आंकड़ा 60-70 लाख प्रतिदिन के आसपास ही रिकॉर्ड किया गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com