Kolkata : पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले राज्य की सियासत में एक नया ड्रामा शुरू हो गया है। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एजेयूपी) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर ने घोषणा की है कि वह अपने बेटे और पार्टी उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद के लिए चुनाव प्रचार नहीं करेंगे। कबीर ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस पर गंभीर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को लगातार परेशान और गिरफ्तार किया जा रहा है, ऐसे में वह केवल जनता के फैसले पर भरोसा करेंगे।
‘मेरे समर्थकों और कार्यकर्ताओं को किया जा रहा गिरफ्तार’
मीडिया से बातचीत करते हुए हुमायूं कबीर ने आरोप लगाया कि वह जिससे भी मिलते या बात करते हैं, पुलिस तुरंत उन्हें गिरफ्तार कर लेती है या डराकर धमकाती है। उन्होंने दावा किया कि प्रशासन सत्ताधारी दल के इशारे पर काम कर रहा है और अब तक उनकी पार्टी के 25 से अधिक कार्यकर्ताओं को जेल में डाला जा चुका है। कबीर ने कहा, “हमारी पार्टी को अब पारंपरिक प्रचार करने की कोई जरूरत नहीं है। हम जनता के बीच हैं और जनता का जो भी फैसला होगा, हम उसे पूरी तरह स्वीकार करेंगे। मैं केवल सोशल मीडिया के जरिए मतदाताओं से बात कर रहा हूं और मतदान के दिन वोट की लूट को रोकने के लिए खुद जमीन पर उतरूंगा।”
पुलिस पर तीखा हमला, कहा- ‘वे वर्दी छोड़कर बीजेपी का झंडा उठा लें’
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों पर कड़ा प्रहार करते हुए एजेयूपी प्रमुख ने कहा कि अधिकारियों को राजनीति करने के बजाय संविधान का पालन करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर पुलिस अधिकारियों को राजनीति का इतना ही शौक है, तो वे अपनी सरकारी वर्दी क्यों नहीं छोड़ देते और खुलकर किसी राजनीतिक दल के झंडे लेकर प्रचार क्यों नहीं शुरू करते?” इस दौरान उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि वे इस तानाशाही के खिलाफ पूरी ताकत से लड़ेंगे।
बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में हुमायूं कबीर ने रेजीनगर सीट पर 51 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल कर 58,876 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की थी। इसके अलावा उन्होंने नौदा सीट से भी जीत हासिल की थी, जिसके बाद उन्होंने रेजीनगर सीट से इस्तीफा दे दिया था, जिस वजह से यहां 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है। उपचुनाव से ठीक पहले मंजूर रहमान, हक मल्लिक, अब्दुल अलीम और मोहम्मद नसीम शेख समेत एजेयूपी के कई वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी से सियासी पारा गरमाया हुआ है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal