आइची-नगोया : एशियाई खेल 2026 में भारत के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। स्क्वैश में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार की जोड़ी ने मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, वुशु में रोशिबिना देवी ने रजत और रोइंग में सतनाम सिंह-सलमान खान ने कांस्य पदक जीता।मिश्रित युगल के मुकाबले में जोशना और वेलावन ने अपने ही देश के सूरज चंद और शमीना रियाज को 2-0 (11-7, 11-10) से हराया। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 11-7 से जीता, जबकि दूसरा गेम 11-10 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में सूरज और शमीना ने 7-9 से पिछड़ने के बाद स्कोर 9-9 से बराबर किया, लेकिन जोशना और वेलावन ने अनुभव का फायदा उठाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।वुशु की महिलाओं की 60 किग्रा सांडा स्पर्धा में रोशिबिना देवी ने रजत पदक जीता। फाइनल में उन्हें चीन की झांग शियाओयू के खिलाफ 0-2 से हार मिली। झांग ने दोनों राउंड 5-0 से जीते। रोशिबिना ने 2018 में कांस्य और 2022 में रजत पदक जीता था। 2026 में रजत के साथ वह एशियाई खेलों में वुशु में लगातार तीन पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।रोइंग के पुरुष डबल स्कल्स में सतनाम सिंह और सलमान खान ने 6 मिनट 13.25 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय जोड़ी 500, 1000 और 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर रही, लेकिन अंतिम चरण में पीछे हो गई। चीन की यी शुदी और नी यिदे की जोड़ी ने स्वर्ण, जबकि मेखरोजबेक मामातकुलोव और पावेल सोरिन ने रजत जीता।पुरुष सिंगल स्कल्स में बलराज पंवार पदक से चूक गए और चौथे स्थान पर रहे। वह 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर थे, लेकिन अंतिम 500 मीटर में उज्बेकिस्तान के शखबोज खोल्मुर्जाएव और जापान के तात्सुया सकुरामा से पीछे हो गए। बलराज ने 6 मिनट 54.80 सेकंड का समय निकाला।इन पदकों के साथ एशियाई खेलों में भारत के पदकों की संख्या 14 हो गई है। भारत ने अब तक एक स्वर्ण, छह रजत और सात कांस्य पदक जीते हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal