आइची-नगोया : गत चैंपियन भारत ने शुक्रवार को एशियाई खेल 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा के सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और अब स्वर्ण पदक के लिए खेलेगी।
भारत ने मुकाबले की तेज शुरुआत की और शुरुआती पांच मिनट के बाद 9-5 की बढ़त बना ली। भारतीय रेडरों ने लगातार अंक जुटाए, जबकि नेपाल ने भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाने की कोशिश की।
नेपाल ने वापसी का प्रयास करते हुए सोनाली को सुपर टैकल से रोककर अहम अंक हासिल किया। इसके बावजूद भारत ने 15-10 की बढ़त बनाए रखी।
इसके बाद नेपाल की गंगा घिमिरे ने शानदार रेड करते हुए चार अंक हासिल किए। एंकल होल्ड के बावजूद उन्होंने लाइन को छू लिया और लंबी जांच के बाद उनकी रेड को चार अंकों के रूप में मान्यता दी गई। इससे भारत की बढ़त 21-15 रह गई।
हालांकि, भारतीय टीम ने इसके बाद मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। संजू देवी और सोनाली के प्रभावी प्रदर्शन की बदौलत भारत ने पहले हाफ की समाप्ति तक 31-17 की बड़ी बढ़त हासिल कर ली।
दूसरे हाफ में भी भारत ने अपना दबदबा कायम रखा और नेपाल को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
भारतीय डिफेंस और रेडिंग दोनों ने लगातार अंक जुटाए और अंततः टीम ने 48-24 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ गत चैंपियन भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में जगह पक्की कर ली है। स्वर्ण पदक के मुकाबले में भारत का सामना चीनी ताइपे या ईरान से होगा। फाइनल शनिवार को खेला जाएगा।
भारतीय टीम अब एशियाई खेलों में अपने खिताब का बचाव करने और देश के पदकों की संख्या में एक और स्वर्ण जोड़ने के इरादे से उतरेगी।
—————
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal