नई दिल्ली : वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार हरे निशान पर खुला। शुरुआती कारोबार के बीच मानक सूचकांक सेंसेक्स में 145 अंक और निफ्टी में 20 अंकों की तेजी देखने को मिल रही है।
शेयर बाजार में कल की भारी गिरावट के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स आज 148.41 अंकों यानी 0.20 फीसदी की उछाल के साथ 73,728.95 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 24.30 अंक यानी 0.11 फीसदी की तेजी के साथ 23,087.40 के स्तर पर ट्रेंड कर रहा है।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में शामिल लार्सन एंड टुब्रो, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, भारतीय स्टेट बैंक, एचसीएल टेक और बजाज फाइनेंस में बढ़त दिख रही है। वहीं, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट है।
इसके अलावा वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.99 फीसदी गिरकर 105.5 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। वहीं, घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुख के बीच शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय मुद्रा रुपया 14 पैसे चढ़कर 95.85 पर पहुंच गया।
उल्लेखनीय है कि बीएसई का सेंसेक्स 1,247.71 अंक यानी 1.67 फीसदी लुढ़कर 73,580.54 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई का निफ्टी भी 383.70 अंक यानी 1.64 फीसदी टूटकर 23,063.10 के स्तर पर बंद हुआ था।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal