मप्र के मंडला में गणेश पंडाल में करंट फैलने से चार युवकों की मौत, 3 घायल

मंडला : मध्य प्रदेश के मंडला जिले में शनिवार सुबह गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे युवकों को करंट लग गया। इसमें चार युवकों की मौत हो गई जबकि तीन युवक घायल हो गए। एक युवक को हालत गंभीर में जिला अस्पताल भेजा गया है।

 

नैनपुर क्षेत्र के ग्राम हीरापुर में शुक्रवार की रात गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में करीब 7 से 8 युवक सो रहे थे। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे बिजली का तार टूटकर गिर गया, जिससे पंडाल में करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

 

पुलिस के अनुसार हादसे में चार युवकों की मौत हुई है। मृतकों में जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) शामिल हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। गंभीर रूप से घायल युवक का नाम प्रियांशु है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दो घायलों का नैनपुर अस्पताल में उपचार चल रहा है।

 

नैनपुर एसडीओपी मनीष राज ने बताया कि गणेश प्रतिमा हीरापुर गांव के खिरका मोहल्ले में स्थापित की गई थी। समिति के सदस्य सुबह करीब 4 बजे गणेश प्रतिमा का विसर्जन कर लौटे थे। इसके बाद 8 युवक झांकी में रखे सामान की रखवाली के लिए पंडाल में ही सो गए। इसी दौरान यह हादसा हो गया। बिजली का तार टूटने या शॉर्ट सर्किट से पंडाल में करंट फैला, जिसकी बिजली कंपनी की टीम जांच कर रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com