आज देश को मिलेगी पहली एलएनजी ट्रेन, अमित शाह साबरमती से देंगे सौगात

नई दिल्ली : रेलवे देश में हाइड्रोजन ट्रेन के बाद अब परिवहन को और अधिक स्वच्छ और ईंधन कुशल बनाने की दिशा में आज एक और अहम कदम उठाने जा रहा है। देश की पहली एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) आधारित ट्रेन आज पटरी पर दौड़ने लगेगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह गुजरात के साबरमती में इसे हरी झंडी दिखाएंगे।

 

केंद्रीय गृहमंत्री शाह इस दौरान साबरमती में 1,542 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेल परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। इनमें करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार डब्ल्यूएजी-12 इंजन रखरखाव शेड का उद्घाटन भी शामिल है।

 

रेलवे के अनुसार, यह प्रणाली अपनाने से डीजल की खपत में करीब 40 प्रतिशत तक कमी आने की उम्मीद है। इससे ईंधन लागत घटने के साथ कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और पार्टिकुलेट मैटर के उत्सर्जन में भी कमी आएगी। साबरमती इंटीग्रेटेड कोचिंग डिपो की 1,400-1,400 हॉर्सपावर क्षमता वाली दो ड्राइविंग पावर कारों को एलएनजी-डीजल दोहरे ईंधन प्रणाली में बदला गया है। इनका इस्तेमाल आठ कोच वाली ट्रेन के संचालन में किया जाएगा।

 

प्रत्येक इंजन से सालाना करीब 11.9 लाख रुपये की बचत का अनुमान है। दो इंजनों के स्तर पर यह बचत करीब 23.9 लाख रुपये सालाना बैठती है। इस प्रणाली को इस तरह डिजाइन किया गया है कि पारंपरिक डीजल इंजन की शक्ति, विश्वसनीयता और परिचालन क्षमता बरकरार रहे।

 

इंजन एलएनजी और डीजल दोनों पर चल सकता है और जरूरत के अनुसार दोनों ईंधनों के बीच स्विच कर सकता है। यदि किसी स्थान पर एलएनजी उपलब्ध नहीं हो, तो ट्रेन को डीजल पर चलाया जा सकेगा। इससे ईंधन की उपलब्धता से जुड़ी समस्या के कारण लंबी दूरी के परिचालन में रुकावट की संभावना कम होगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com