CWC में नीतीश कुमार की चर्चा पर JDU का पलटवार, रामनाथ ठाकुर बोले- ‘अब इसका क्या फायदा?’

नई दिल्ली : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी दलों की सक्रियता के बीच बुधवार को दिल्ली में INDIA गठबंधन की बैठक हो रही है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक हुई, जिसमें चुनाव आयोग, SIR और विपक्ष की आगे की रणनीति के साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मुद्दा भी चर्चा में आया।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने नीतीश कुमार के INDIA गठबंधन से अलग होकर NDA में जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार गठबंधन में बने रहते तो राजनीतिक परिस्थितियां अलग हो सकती थीं। इस पर बैठक में सोनिया गांधी की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आने की बात कही गई।

 

रामनाथ ठाकुर ने कांग्रेस पर साधा निशाना

CWC की बैठक में नीतीश कुमार की चर्चा की खबरों के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) की ओर से प्रतिक्रिया आई है। केंद्रीय राज्य मंत्री और JDU के वरिष्ठ नेता रामनाथ ठाकुर ने बुधवार को कहा कि जब कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का महागठबंधन था, तब नीतीश कुमार को गठबंधन का संयोजक बनाए जाने का प्रस्ताव आया था।

 

रामनाथ ठाकुर के मुताबिक, नीतीश कुमार को संयोजक नहीं बनाया गया और इसके बाद उन्होंने अपना राजनीतिक फैसला लेते हुए NDA का रुख किया। उन्होंने सवाल उठाया कि अब नीतीश कुमार की चर्चा करने से क्या फायदा होगा।

 

उन्होंने कहा, “कांग्रेस जिस समय महागठबंधन था और जो प्रस्ताव आया था कि नीतीश कुमार जी को इसका कन्वीनर बनाया जाए, तो किसी साजिश के तहत उनको नहीं बनाया गया। नहीं बनाया गया तो नीतीश कुमार जी ने अपना निर्णय लिया और वो NDA गठबंधन में चले गए। तो अब उनको नीतीश कुमार की चर्चा करके क्या फायदा?”

 

‘अपने दल को मजबूत करने पर ध्यान दें’

रामनाथ ठाकुर ने कांग्रेस को अपने संगठन पर ध्यान देने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने मौजूदा फैसलों पर कायम रहते हुए पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए।

 

उन्होंने कहा, “कांग्रेस का जो अब निर्णय है उस पर कायम रहें। अपने दल को मजबूत करने की दिशा में जो काम कर रहे हैं, वो काम करें।”

 

CWC में नीतीश कुमार के नाम पर हुई चर्चा

मंगलवार को हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक मुख्य रूप से चुनाव आयोग, SIR और उससे जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की रणनीति तय करने के लिए हुई थी। इसी दौरान नीतीश कुमार के INDIA गठबंधन से अलग होने का मुद्दा भी उठा।

 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिग्विजय सिंह ने बैठक में नीतीश कुमार के गठबंधन से बाहर जाने को लेकर टिप्पणी की। इसके जवाब में सोनिया गांधी ने कथित तौर पर कहा कि नीतीश कुमार के जाने की संभावना पहले से दिखाई दे रही थी और उनके बाद में जाने की स्थिति गठबंधन के लिए अधिक नुकसानदायक हो सकती थी। इस बातचीत का विवरण मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से सामने आया है।

आज INDIA गठबंधन की बैठक

CWC बैठक के अगले दिन बुधवार को INDIA गठबंधन के घटक दलों की दिल्ली में बैठक हो रही है। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, SIR, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और विपक्ष की आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। विपक्षी दल इस मुद्दे पर साझा रणनीति और आगे की कार्रवाई को लेकर विचार-विमर्श कर रहे हैं।

 

नीतीश कुमार को लेकर CWC में हुई चर्चा और अब JDU की प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है, जब INDIA गठबंधन के घटक दल चुनाव आयोग और SIR के मुद्दे पर साझा रुख बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com