डेनमार्क ओपन: क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं तन्वी शर्मा , विश्व नंबर एक आन से यंग से होगा मुकाबला

ओडेंस : भारत की 17 वर्षीय बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने डेनमार्क ओपन 2026 के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने गुरुवार देर रात खेले गए राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में जर्मनी की यवोन ली को 21-17, 21-19 से हराया।

 

अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना पहली बार विश्व की नंबर एक खिलाड़ी दक्षिण कोरिया की आन से यंग से होगा।

 

तन्वी ने यवोन ली के खिलाफ केवल 39 मिनट में जीत दर्ज की। दूसरे गेम में कड़ी चुनौती मिलने के बावजूद भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य बनाए रखा और सीधे गेमों में मुकाबला अपने नाम किया।

 

तन्वी ने पहले गेम की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। यवोन ली लगातार पिछड़ने के बाद वापसी की कोशिश करती रहीं, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने 21-17 से गेम जीत लिया।

 

दूसरे गेम में जर्मनी की खिलाड़ी ने अधिक चुनौती पेश की। मुकाबला अंक-दर-अंक आगे बढ़ा और कई मौकों पर यवोन ने बढ़त भी हासिल की। हालांकि, 16-16 की बराबरी के बाद तन्वी ने लगातार चार अंक जुटाकर निर्णायक बढ़त बना ली। यवोन ने फिर संघर्ष करते हुए स्कोर 19 तक पहुंचाया, लेकिन तन्वी ने लगातार दो अंक हासिल कर 21-19 से गेम और मैच जीत लिया।

 

इससे पहले महिला युगल में भारत की त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी भी क्वार्टर फाइनल में खेलेगी। भारतीय जोड़ी का सामना दूसरी वरीयता प्राप्त मलेशियाई जोड़ी पर्ली टैन और थिनाह मुरलीधरन से होगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com