‘मैं हूं ना 2’ से फिर गूंजेगा जादू, शाहरुख-फराह की जोड़ी तैयार

बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान और निर्देशक फराह खान की हिट जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार है। शाहरुख की आगामी फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग के बीच यह खबर सामने आई है कि फराह खान ने ‘मैं हूं ना’ के सीक्वल के लिए एक दमदार आइडिया फाइनल कर लिया है। बताया जा रहा है कि ‘मैं हूं ना 2’ में शाहरुख खान डबल रोल में नजर आ सकते हैं, जिससे फिल्म का रोमांच कई गुना बढ़ जाएगा।

 

फिल्मी गलियारों में चर्चा है कि फराह खान लंबे समय से ‘मैं हूं ना 2’ की स्क्रिप्ट पर काम कर रही थीं और अब यह प्रोजेक्ट शाहरुख खान की अगली फिल्मों की सूची में सबसे आगे निकल आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 12 साल बाद यह हिट जोड़ी फिर साथ काम करने जा रही है। फराह की स्क्रिप्ट लगभग तैयार मानी जा रही है और शाहरुख भी इस कॉन्सेप्ट को लेकर खासे उत्साहित हैं।

 

गौरतलब है कि फराह खान ने बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत साल 2004 में ‘मैं हूं ना’ से की थी। एक्शन, कॉमेडी और देशभक्ति से भरपूर इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला। इसके बाद 2007 में ‘ओम शांति ओम’ और 2014 में ‘हैप्पी न्यू ईयर’ के जरिए शाहरुख–फराह की जोड़ी ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़े। अब 12 साल बाद यह जोड़ी फिर बड़े प्रोजेक्ट के साथ वापसी को तैयार है।

 

बताया जा रहा है कि ‘मैं हूं ना 2’ में देशभक्ति और कॉमेडी का वही पुराना रंग देखने को मिलेगा, जिसने पहली फिल्म को खास बनाया था। कहानी भारत पर मंडराते एक नए खतरे के इर्द-गिर्द घूमेगी। खास बात यह है कि फिल्म में शाहरुख खान का डबल रोल होगा, जिसमें वह दो बिल्कुल अलग किरदार निभाते नजर आएंगे। साथ ही, पुराने कलाकारों की वापसी की भी संभावना जताई जा रही है। ‘किंग’ के बाद शाहरुख खान फराह खान के साथ मिलकर बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर बड़ा धमाका करने की तैयारी में हैं। ऐसे में ‘मैं हूं ना 2’ को लेकर फैंस का इंतजार और उत्साह दोनों ही लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com