रायपुर में 53 लाख की उठाईगिरी का पर्दाफाश, दो आरोपित गिरफ्तार

रायपुर । राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास कपड़ा व्यवसायी से 53 लाख रुपये की उठाईगिरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

आरोपितों के कब्जे से 53 लाख रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 54 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपितों के तीन बैंक खाते भी फ्रीज कराए हैं।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला ने आज शुक्रवार देर शाम पत्रकारों के सामने मामले का खुलासा किया।

उन्होंने बताया कि, शैलेन्द्र नगर निवासी कपड़ा व्यवसायी किशोर बलवानी 9 अक्टूबर को अपनी एक्टिवा से दुकान जा रहे थे। सुबह करीब 11:45 बजे कटोरा तालाब स्थित संत कंवर राम चौक के पास अप्पू पान ठेला के सामने वाहन खड़ा कर पान खाने गए। इसी दौरान उनकी एक्टिवा के सामने रखे सफेद कपड़े के बैग में रखी नकदी अज्ञात आरोपित चोरी कर फरार हो गए। शिकायत पर सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपिताें के संभावित भागने के रास्तों पर लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि आरोपित बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल से आए थे और पहचान छिपाने के लिए बार-बार कपड़े बदल रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित करीब एक सप्ताह से व्यवसायी की रेकी कर रहे थे। उनकी पहचान मनीष यदु (39) निवासी डीडी नगर रायपुर और कमलेश कुशवाहा (36) निवासी टाटीबंध रायपुर के रूप में हुई। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की रकम बरामद की गई। आरोपितों ने नकदी गीजर के अंदर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपाकर रखी थी।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com