तमिलनाडु में बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट, राज्य सरकार ने जारी किए निर्देश

चेन्नई : तमिलनाडु में बर्ड फ्लू के मामलों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एम. सुब्रमणियन ने जनता से अपील की है कि वे अधपका (ऑफ-बॉयल) मांस खाने से परहेज करें और सरकार की ओर से जारी स्वास्थ्य दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

 

स्वास्थ्य मंत्री ने चेन्नई के ओमंदूरार सरकारी मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल में 8 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित कार्डियक कैथ लैब का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बर्ड फ्लू को लेकर केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को अलर्ट जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा, “यदि कोई पक्षी मृत पाया जाता है, तो उसे 5 फीट गहरे गड्ढे में दफनाया जाना चाहिए। मृत मुर्गियों को पकाकर बिल्कुल नहीं खाना चाहिए।”

 

मंत्री ने बताया कि तमिलनाडु में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और अब तक किसी भी व्यक्ति में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मुर्गी, बटेर जैसे पक्षियों के मांस को अच्छी तरह पकाकर ही खाएं, जबकि ऑफ-बॉयल या अधपका मांस खाने से सभी को बचना चाहिए। उन्होंने लोगों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की।

 

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी निर्देश जारी किए हैं कि यदि कहीं मृत पक्षी दिखाई दें, तो उन्हें नंगे हाथों से न छुएं और तुरंत नगर निगम या स्थानीय निकाय को इसकी सूचना दें।

 

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दुनिया भर में हृदय रोग के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) भी इस संबंध में चेतावनी जारी कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) सरकार के सत्ता में आने के बाद राज्य के कई सरकारी अस्पतालों में कार्डियक कैथ लैब स्थापित की गई हैं और अब तक कुल सात कैथ लैब शुरू की जा चुकी हैं।

 

मदुरै एम्स अस्पताल के निर्माण को लेकर पूछे गए सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इसका निर्माण कार्य 2028 से पहले पूरा होना कठिन है। उन्होंने बताया कि काम में तेजी लाने के लिए जापान जाकर जापान अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जाइका) नाम की वित्तीय संस्था से बातचीत की गई है, लेकिन संस्था ने भी 2028 तक निर्माण पूरा होने की संभावना जताई है।

 

उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह चेन्नई के कई इलाकों में बड़ी संख्या में कौवे मृत पाए गए थे। जांच में उनके बर्ड फ्लू वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने पूरे तमिलनाडु में निगरानी और एहतियाती उपाय तेज कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, आमतौर पर यह वायरस पक्षियों को प्रभावित करता है, लेकिन इंसानों में संक्रमण की संभावना के कारण इसे गंभीर खतरे के रूप में लिया जा रहा है।——————-

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com