अपने असली हिंदू नाम का राज खोलकर चर्चा में आईं जीनत अमान

बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा कर सबका ध्यान खींचा है। एक कार्यक्रम में बातचीत के दौरान जीनत ने पहली बार अपना हिंदू नाम सार्वजनिक करते हुए बताया कि उनकी मां ने उनका नाम ‘ललितेश्वरी’ रखा था, जबकि पिता की ओर से उनका नाम जीनत अमान रखा गया। उन्होंने कहा कि उनकी मां एक धार्मिक हिंदू महिला थीं, जो रोजाना कई घंटे पूजा-पाठ करती थीं।

 

जीनत ने बताया कि उनका पालन-पोषण विभिन्न संस्कृतियों और धार्मिक परंपराओं के बीच हुआ। उनकी मां हिंदू थीं, पिता मुस्लिम थे, उन्होंने कैथोलिक स्कूल में पढ़ाई की और उनके सौतेले पिता जर्मन थे। इसी वजह से उन्होंने खुद को किसी एक धर्म तक सीमित नहीं रखा। अभिनेत्री का मानना है कि सभी धर्म इंसानियत, प्रेम और शांति का संदेश देते हैं और यही मूल्य उनके जीवन का आधार हैं।

 

अपने विचार शेयर करते हुए जीनत ने कहा कि मानवता, दया, समानता और इंसानों व जानवरों के प्रति प्रेम ही उनका असली धर्म है। 1970 और 80 के दशक में अपने ग्लैमरस अंदाज और अलग तरह के किरदारों से बॉलीवुड की पारंपरिक नायिका की छवि बदलने वाली जीनत आज भी अपनी बेबाक राय और जीवन दर्शन के लिए चर्चा में रहती हैं। उन्होंने अपने दौर में धर्मेंद्र, शशि कपूर और ऋषि कपूर जैसे कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम कर हिंदी सिनेमा में एक अलग पहचान बनाई।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com