पत्नी संग फिर दूल्हा बने अशोक सराफ, सालगिरह बनी यादगार

मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अशोक सराफ और अभिनेत्री निवेदिता सराफ ने अपनी शादी की 37वीं सालगिरह को यादगार अंदाज में मनाया। इस खास मौके पर दोनों ने एक बार फिर दूल्हा-दुल्हन बनकर शादी की रस्में निभाईं और एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर अपने रिश्ते को नए सिरे से जिया। इस खूबसूरत पल की तस्वीरें अभिनेता ने सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जिन्हें प्रशंसकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।

 

अशोक सराफ ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर करते हुए भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “37 साल बाद भी, जब मैं तुम्हें देखता हूं तो मेरा दिल उसी तरह मुस्कुरा उठता है। मेरे सबसे अच्छे दोस्त, मेरी ताकत और मेरे हमेशा के प्यार बनने के लिए धन्यवाद। शादी की सालगिरह मुबारक हो।” इस अवसर पर अशोक सराफ पारंपरिक कुर्ता-पायजामा में नजर आए, जबकि निवेदिता सराफ आसमानी और हरे रंग की साड़ी में बेहद खूबसूरत दिखीं। दोनों के चेहरे पर खुशी और अपनापन साफ झलक रहा था।

 

अशोक और निवेदिता सराफ ने वर्ष 1989 में गोवा के ऐतिहासिक मंगेशी मंदिर में विवाह किया था। दोनों का एक बेटा अनिकेत सराफ है, जिसने अभिनय की बजाय शेफ के रूप में अपना करियर चुना है। हाल ही में यह जोड़ी कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में भी चर्चा में रही थी, जहां उन्होंने मराठी सिनेमा और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करते हुए रेड कार्पेट पर शिरकत की थी। अब 37वीं सालगिरह पर दोबारा शादी की रस्में निभाकर इस जोड़े ने अपने अटूट रिश्ते की खूबसूरत मिसाल पेश की है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com