आम्रपाली दुबे ने निरहुआ संग रिश्ते पर खोला राज

मुंबई : भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने अभिनेता और नेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के साथ अपने रिश्ते को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर खुलकर बात की है। ‘बिग बॉस 20’ में लव गिल से बातचीत के दौरान आम्रपाली ने निरहुआ के साथ अपनी दोस्ती को लेकर कई बातें शेयर कीं। उन्होंने कहा कि दोनों की गहरी दोस्ती और आपसी समझ को देखकर अक्सर लोग उनके रिश्ते को रोमांटिक नजरिए से देखने लगते हैं। आम्रपाली के मुताबिक, भोजपुरी इंडस्ट्री में आने के बाद निरहुआ उनके सबसे अच्छे दोस्तों में शामिल रहे हैं।

 

आम्रपाली ने बताया कि उनकी और निरहुआ की दोस्ती में काफी सहजता है। उन्होंने कहा कि कई बार बिना कुछ कहे ही दोनों एक-दूसरे की बात समझ जाते हैं। अभिनेत्री ने कहा कि अगर उन्हें निरहुआ से कुछ कहना होता है तो सिर्फ देखकर ही अपनी बात समझा देती हैं और वह भी उनकी बात समझकर मुस्कुरा देते हैं। आम्रपाली ने उन चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी, जिनमें दोनों के डेटिंग करने की बात कही जाती रही है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि लोग उन्हें और निरहुआ को कपल समझते हैं, जबकि निरहुआ खुद उन्हें किसी से शादी करने की सलाह देते रहते हैं।

 

शादी को लेकर आम्रपाली ने कहा कि लोगों को लगता है कि विवाह करना आसान फैसला है, लेकिन लड़कियों के लिए इसके साथ कई चीजें बदल जाती हैं। उन्होंने कहा कि एक महिला को वर्षों में बनाई गई अपनी जिंदगी और करियर से जुड़ी कई चीजों के बारे में सोचना पड़ता है, इसलिए शादी की बात पुरुषों को जितनी आसान लगती है, महिलाओं के लिए उतनी सहज नहीं होती। आम्रपाली और निरहुआ भोजपुरी सिनेमा की चर्चित जोड़ियों में शामिल हैं और दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया है। उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री के चलते भी दोनों के रिश्ते को लेकर अक्सर चर्चाएं होती रही हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com