नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें पिछले करीब डेढ़ वर्ष में दिल्ली में हुए प्रमुख विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी पहलों पर आधारित पुस्तिका भेंट की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर गुप्ता की मोदी से मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं।
गुप्ता ने बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर पिछले डेढ़ वर्ष में दिल्ली में हुए प्रमुख विकास कार्यों और जनकल्याणकारी पहलों पर आधारित पुस्तिका की प्रति प्रधानमंत्री को भेंट की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री से प्रत्येक भेंट उन्हें नई प्रेरणा देती है और उनका स्नेह एवं मार्गदर्शन राष्ट्रसेवा तथा जनसेवा के संकल्प को और दृढ़ करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन उन्हें ‘विकसित भारत’ के अनुरूप ‘विकसित दिल्ली’ के निर्माण के लिए और अधिक समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।
गुप्ता ने प्रधानमंत्री को अपना बहुमूल्य समय देने और स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal