क्रिकेटर रिंकू सिंह ने किए महाकाल के दर्शन

उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के हुई भस्म आरती में भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह शामिल हुए। पहली बार भस्म आरती में पहुंचे रिंकू सिंह करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल के दर्शन करते रहे। इस दौरान वे हाथ जोड़कर भगवान का ध्यान और महाकाल का जाप करते नजर आए। आरती के बाद उन्होंने मंदिर की देहरी से बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया और पुजारियों के माध्यम से जल अर्पित किया।

 

रिंकू सिंह सुबह करीब 4 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। भस्म आरती की पूरी प्रक्रिया के दौरान वे नंदी हॉल में बैठे रहे। भस्म आरती में भगवान महाकाल के दर्शन कर वे काफी देर तक भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर समिति की ओर से उनका सम्मान भी किया गया। दर्शन के बाद रिंकू सिंह ने मीडिया से कहा कि “यहां आकर बहुत अच्छा लगा। बहुत अच्छे से दर्शन हुए। पहली बार भस्म आरती में शामिल हुआ। महाकाल जी के दर्शन कर धन्य हो गया।”

 

गणेश स्वरूप में सजे बाबा महाकाल

 

बुधवार को अश्विन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर बाबा महाकाल का गणेश स्वरूप में विशेष शृंगार किया गया। तड़के मंदिर के कपाट खुलने के बाद पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया।

 

पूजन के बाद बाबा महाकाल को भांग, चंदन और सिंदूर से गणेश स्वरूप प्रदान किया गया। भगवान को रजत आभूषणों से सजाया गया और शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाला, रुद्राक्ष की माला तथा सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। इसके बाद फल, ड्रायफ्रूट और मिठाई का भोग लगाया गया।

 

भस्म अर्पण के बाद निराकार से साकार रूप में दर्शन

 

भस्म आरती की परंपरा के अनुसार भस्म अर्पण से पहले प्रथम घंटाल बजाया गया और हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान किया गया। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर भस्म अर्पित की गई। इसके बाद भगवान का विशेष अलंकरण किया गया। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से बाबा महाकाल को भस्म अर्पित की गई। धार्मिक मान्यता के अनुसार भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।

 

नंदी हॉल में गूंजते रहे जयकारे

 

बुधवार की भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। नंदी हॉल से श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए और जयकारे लगाए। आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्री महाकाल’ के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन कर उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी कही और बाबा महाकाल से आशीर्वाद मांगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com