भाजपा सरकार के झूठे दावों का दस्तावेज है राज्यपाल का अभिभाषण: आराधना मिश्रा मोना

लखनऊ, 9 फरवरी। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने राज्यपाल के अभिभाषण को भाजपा और योगी आदित्यनाथ सरकार के झूठे दावों व हवाई वादों का दस्तावेज करार दिया है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल द्वारा पूरा अभिभाषण न पढ़कर केवल कुछ अंशों का वाचन किया जाना इस बात का प्रमाण है कि सरकार के दावे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते।

 

राज्यपाल के अभिभाषण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि लगभग 55 पृष्ठों के अभिभाषण में अधिकांश बातें पूर्व में किए गए दावों की पुनरावृत्ति हैं, जिनका जनता से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछले दस वर्षों से पुराने कार्यों को नई पैकेजिंग के साथ प्रस्तुत कर रही है और इसे उपलब्धि बताकर प्रचारित किया जा रहा है।

 

उन्होंने कानून व्यवस्था के दावों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं और जाति व धर्म के आधार पर कार्रवाई हो रही है। भ्रष्टाचार में भी कई गुना वृद्धि हुई है।

 

 

उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में लाखों पद रिक्त हैं, लेकिन सरकार भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के बजाय केवल आंकड़ों के माध्यम से अपनी उपलब्धियां गिना रही है। सरकारी नौकरियों की जगह आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्तियां कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

 

स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि अभिभाषण में स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख तो किया गया है, लेकिन जमीनी स्थिति इसके विपरीत है। कई जिलों में घोषित मेडिकल कॉलेजों में न तो भवन निर्माण पूरा है और न ही पर्याप्त चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और दवाइयां उपलब्ध हैं।

 

कृषि क्षेत्र को लेकर उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर यूरिया और डीएपी नहीं मिल सकी, जिससे खाद के लिए लगी कतारों में किसानों की जान तक चली गई। उन्होंने अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील को किसानों के हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि इससे देश के अन्नदाता को नुकसान पहुंचेगा।

 

आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि कुल मिलाकर राज्यपाल का अभिभाषण सरकार की आत्मप्रशंसा और अधूरे वादों का दस्तावेज है। प्रदेश की जनता अब इन दावों से ऊब चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।

 

उधर, विधानसभा सत्र के पहले दिन कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और एसआईआर को लेकर विधानसभा परिसर स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com