देश में ईंधन की कोई कमी नहीं, लंबे संघर्ष की स्थिति में भी नहीं होगी दिक्कत: पुरी

नई दिल्ली : केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को कहा कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। भारत के पास इस समय पर्याप्त कच्चे तेल का भंडार मौजूद है। उन्होंने सदन को बताया कि पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच भारत अपने ऊर्जा आयात के स्रोतों को विविध बना रहा है। इसके तहत देश अब सिर्फ पश्चिम एशिया पर निर्भर नहीं है।

 

लोकसभा में देश में एलपीजी संकट पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारत 40 देशों से क्रूड ऑयल ले रहा है। रसोई गैस सिलेंडर पर पैनिक होने की कोई बात नहीं है। पुरी ने कहा कि भारत की कच्चे तेल की आपूर्ति की स्थिति पुरी सुरक्षित है। हमारे पास जितना तेल उपलब्ध है, वह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से मिलने वाली आपूर्ति से कहीं ज्यादा है। पुरी ने कहा कि घरेलू रसोई गैस की सप्लाई भी स्थिर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भारत लगभग 40 देशों से कच्चे तेल का आयात करता है, जिससे विभिन्न मार्गों के जरिए ऊर्जा आपूर्ति जारी रहती है और मौजूदा संघर्ष के बावजूद देश में ईंधन की उपलब्धता पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है।

 

हरदीप पुरी ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहें न फैलाएं और फर्जी जानकारी से बचें। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) और पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की पूरी सप्लाई मिलती रहे। पेट्रोलियम मंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार देशभर के घरों तक सस्ती और बिना रुकावट ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए किसी तरह की कमी नहीं है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com