अभिनेता वरुण धवन की आने वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। इस फिल्म के जरिए निर्देशक डेविड धवन छह साल बाद निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज किया गया था, जिसमें दो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) बच्चों की झलक ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी थी। टीजर के इस हिस्से को लेकर इंटरनेट पर मिली तीखी प्रतिक्रियाओं के बाद अब डेविड धवन ने पहली बार इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
डेविड धवन ने साफ किया कि फिल्म में किसी तरह का एआई इस्तेमाल नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि टीजर को केवल अलग और रोचक बनाने के लिए ऐसा प्रयोग किया गया था। उनके मुताबिक, “फिल्म में एआई जैसा कुछ भी नहीं है। यह सिर्फ टीजर का हिस्सा था ताकि दर्शकों को कुछ नया देखने को मिले। असली कहानी इससे बिल्कुल अलग है और जब गाने सामने आएंगे तो लोगों को फिल्म का असली रंग समझ में आएगा।” डेविड के इस बयान के बाद साफ हो गया है कि टीजर में दिखाई गई झलक फिल्म की कहानी का हिस्सा नहीं है।
फिल्म में वरुण धवन के साथ मृणाल ठाकुर और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। इसके अलावा मनीष पॉल, जिमी शेरगिल, मौनी रॉय और चंकी पांडे भी अहम किरदार निभा रहे हैं। डेविड और वरुण की यह चौथी फिल्म होगी और इसे 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का मुकाबला उसी दिन रिलीज हो रही अनन्या पांडे की फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ से होगा।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal