मेकर्स ने बदला ‘लाहौर 1947’ का टाइटल, रिलीज का भी किया ऐलान

सनी देओल की बहुप्रतीक्षित पीरियड ड्रामा फिल्म ‘लाहौर 1947’ का शीर्षक आधिकारिक तौर पर बदल दिया गया है। निर्माताओं ने फिल्म का नया नाम ‘बटवारा 1947’ घोषित करते हुए इसका मोशन पोस्टर भी जारी कर दिया है। लंबे समय से फिल्म के टाइटल बदलने की चर्चा चल रही थी, जिस पर अब आधिकारिक मुहर लग गई है। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है, जबकि इसका निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है।

 

सोशल मीडिया पर जारी मोशन पोस्टर के साथ सनी देओल ने फिल्म की रिलीज डेट का भी खुलासा किया। अभिनेता ने लिखा, “नफरत और भय के दौर में उन्होंने साहस को चुना। 14 अगस्त 2026 से सिनेमाघरों में देखें ‘बटवारा 1947’।” पोस्टर में सनी देओल के अलावा प्रीति जिंटा, शबाना आज़मी, अली फजल और करण देओल की झलक भी देखने को मिली है। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए प्रीति जिंटा लंबे समय बाद अभिनय की दुनिया में वापसी कर रही हैं।

 

भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म आजादी और बंटवारे के दौर की भावनात्मक तथा ऐतिहासिक कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। फिल्म की रिलीज के साथ बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला भी देखने को मिलेगा, क्योंकि 14 अगस्त 2026 को ही इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ भी सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर दोनों फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर की उम्मीद की जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com