‘पेड्डी’ की सफलता के बीच फिल्म में जाह्नवी कपूर के किरदार ‘अचियम्मा’ को लेकर उठा विवाद लगातार चर्चा में है। सोशल मीडिया पर दर्शकों के एक वर्ग ने आरोप लगाया था कि कुछ दृश्यों और कैमरा एंगल के जरिए अभिनेत्री को वस्तु की तरह प्रस्तुत किया गया है। बढ़ती आलोचनाओं के बीच फिल्म के निर्देशक बुची बाबू सना ने पुष्टि की है कि संबंधित विवादित दृश्यों को फिल्म के थिएटर संस्करण से हटा दिया गया है।
एक इंटरव्यू में निर्देशक ने स्वीकार किया कि फिल्म के कुछ दृश्य दर्शकों तक उनका मूल संदेश सही तरीके से नहीं पहुंचा सके और उन्हें ‘भ्रामक’ माना जा सकता है। उन्होंने बताया कि कहानी का उद्देश्य नायक की परवरिश और उसकी त्रुटिपूर्ण सोच को दिखाना था, लेकिन कुछ दृश्यों का प्रस्तुतीकरण अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाया। इसी कारण फिल्म की टीम ने उन हिस्सों में बदलाव करने का फैसला किया।
बुची बाबू सना ने माना कि फिल्म निर्माण के दौरान कुछ स्तर पर चूक हुई, जिसे सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। विवादित दृश्यों में जाह्नवी कपूर के परिचय से जुड़े कुछ सीन भी शामिल थे, जिन पर दर्शकों ने आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि किरदार की पृष्ठभूमि स्थापित करने से पहले उसके शारीरिक रूप पर अधिक जोर दिया गया।
गौरतलब है कि ‘पेड्डी’ 4 जून को रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन कर रही है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal