‘द नर्मदा स्टोरी’ की टीम ने मध्य प्रदेश के मंत्री धर्मेंद्र सिंह से की मुलाकात

देशभर में प्रदर्शित हो रही हिंदी फीचर फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ की टीम ने मध्य प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी से भेंट की है। इस अवसर पर स्थानीय कलाकार शरद सिंह सहित फिल्म से जुड़े अन्य सदस्यों ने मंत्री को फिल्म का स्मृति-चिह्न स्वरूप पोस्टर भेंट किया।

 

टीम ने बताया कि फिल्म की शूटिंग मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम (होशंगाबाद) और नर्मदा अंचल के विभिन्न स्थलों पर की गई है तथा इसमें मध्य प्रदेश की संस्कृति, लोकजीवन, प्राकृतिक सौंदर्य और क्षेत्रीय विरासत को प्रमुखता से दर्शाया गया है।

 

मुलाकात के दौरान फिल्म टीम ने मंत्री को बताया कि ‘द नर्मदा स्टोरी’ में प्रदेश के कलाकारों और तकनीशियनों को भी अवसर दिया गया है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। कलाकार शरद सिंह ने आग्रह किया कि मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और नर्मदा क्षेत्र की कहानी को देशभर तक पहुंचाने वाली इस फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे ऐसी विषयवस्तु वाली फिल्मों को और प्रोत्साहन मिलेगा।

 

फिल्म टीम की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए धर्मेंद्र सिंह लोधी ने टैक्स फ्री किए जाने के प्रस्ताव पर विचार करने और आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हमेशा उन प्रयासों का समर्थन करती है जो मध्य प्रदेश की संस्कृति, इतिहास और स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देती हैं।

 

‘द नर्मदा स्टोरी’ वर्तमान में देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है और अपनी प्रभावशाली कहानी तथा यथार्थपरक प्रस्तुति के कारण दर्शकों और समीक्षकों से सराहना प्राप्त कर रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com