शादी के बंधन में बंधे आमिर खान और गौरी स्प्रैट

मुंबई : बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान ने अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी रचा ली है। 5 जुलाई को मुंबई के पाली हिल स्थित अपने आवास पर दोनों ने बेहद निजी माहौल में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत कोर्ट मैरिज की। मूसलाधार बारिश के बीच आयोजित इस समारोह में केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल हुए। शादी के बाद दोनों परिवारों ने इस खास मौके का सादगी के साथ जश्न मनाया।

 

शादी के दौरान आमिर के घर के बाहर सुबह से ही हलचल देखने को मिली। बारिश के बावजूद पैपराजी बड़ी संख्या में वहां मौजूद रहे। समारोह में निर्देशक आशुतोष गोवारिकर समेत कुछ करीबी मेहमान पहुंचे, जबकि रिपोर्ट्स के अनुसार अंबानी परिवार के सदस्य भी नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं देने पहुंचे। आमिर और गौरी ने शुरुआत से ही इस शादी को पूरी तरह निजी रखने का फैसला किया था।

 

सूत्रों के मुताबिक, शादी में केवल 100 से 150 चुनिंदा मेहमानों को ही आमंत्रित किया गया था। किसी भव्य होटल या आलीशान आयोजन के बजाय आमिर ने अपने घर को ही इस खास मौके के लिए चुना। शादी के हर इंतजाम, मेहमानों की सूची से लेकर लंच मेन्यू तक, आमिर और गौरी ने खुद तय किया। अभिनेता पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि वे इस अवसर को बिना किसी तामझाम के पारिवारिक समारोह के रूप में मनाना चाहते हैं।

 

गौरतलब है कि यह आमिर खान की तीसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने वर्ष 1986 में रीना दत्ता से विवाह किया था, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद और आइरा हैं। दोनों का 2002 में तलाक हो गया। इसके बाद 2005 में उन्होंने फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की, जिनसे उनका एक बेटा आजाद है। अब गौरी स्प्रैट के साथ नई जिंदगी की शुरुआत करते हुए आमिर ने अपने जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत की है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com