अभिनेता शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। वर्ष 2023 में ‘जवान’, ‘पठान’ और ‘डंकी’ जैसी सफल फिल्मों के बाद शाहरुख अब ‘किंग’ के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म उनके करियर की अब तक की सबसे महंगी परियोजना बनने जा रही है, जिसके लिए निर्माताओं ने बड़े स्तर पर निवेश किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का निर्माण बजट लगभग 450 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। यह राशि प्रिंट, प्रचार और कलाकारों की फीस से अलग है। माना जा रहा है कि फिल्म में भव्य एक्शन दृश्यों और अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे दर्शकों को बड़े पैमाने का सिनेमाई अनुभव मिल सके। बजट के मामले में ‘किंग’ शाहरुख की पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्म जवान को भी पीछे छोड़ सकती है।
फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। यह एक बड़े पैमाने की एक्शन-थ्रिलर फिल्म होगी, जिसमें अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण और सुहाना खान भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसे वर्ष की सबसे बड़ी फिल्मों में गिना जा रहा है।
—————
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal