रॉकिंग स्टार यश और कियारा आडवाणी अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का पहला गीत ‘तबाही’ रिलीज हो गया है। विशाल मिश्रा की आवाज और संगीत से सजा यह रोमांटिक गीत अपनी भावनात्मक प्रस्तुति और खामोश प्रेम कहानी के कारण दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। गाने में यश और कियारा के बीच बिना शब्दों के गहरे भावनात्मक जुड़ाव को प्रभावशाली अंदाज में दिखाया गया है।
म्यूजिक वीडियो में यश के किरदार ‘राया’ और कियारा के बीच अनकहे जज्बातों को प्रमुखता से उभारा गया है। वीडियो का एक अहम दृश्य तब सामने आता है, जब तारा सुतारिया का किरदार रेबेका, राया से पूछता है कि क्या वह खुद के अलावा किसी और से प्यार कर सकता है। राया के इनकार के बावजूद अगले ही पल कियारा की ओर उठती उसकी नजरें उसके भीतर छिपे प्रेम और भावनात्मक संघर्ष को उजागर कर देती हैं। यही आंतरिक द्वंद्व गीत को अलग पहचान देता है।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यश और कियारा के अलावा नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के बैनर तले वेंकट के. नारायण और यश द्वारा निर्मित ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal