नई दिल्ली : केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह 23 फरवरी को गुवाहाटी में केंद्रीय कर्मचारियों के लिए आयोजित 58वें प्री-रिटायरमेंट काउंसलिंग कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यशाला का आयोजन असम के प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज में किया जाएगा।
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों के बारे में जानकारी देना है। यह पहल पेंशनभोगियों के जीवन को आसान बनाने के उद्देश्य से की जा रही है।
विभाग के अनुसार इस कार्यशाला में सेवानिवृत्ति लाभ, सीजीएचएस, साइबर सुरक्षा, निवेश विकल्प, भविष्य पोर्टल, एकीकृत पेंशनभोगी पोर्टल, पारिवारिक पेंशन, सीपेंग्राम्स, अनुभव और डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इससे कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद की प्रक्रिया को समझने में मदद मिलेगी।
इस कार्यशाला से असम में कार्यरत लगभग 350 ऐसे कर्मचारी लाभान्वित होंगे, जो अगले 12 महीनों में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इसका उद्देश्य सेवानिवृत्ति के बाद उनके जीवन में सुगम परिवर्तन सुनिश्चित करना है।
साथ ही पेंशन वितरण करने वाले बैंकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें बैंकों को पेंशन से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला के दौरान पेंशन वितरण करने वाले बैंकों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें विभिन्न बैंक भाग लेंगे। बैंक पेंशन खातों को खोलने, निवेश विकल्पों और पेंशन से संबंधित सेवाओं की जानकारी देंगे।
—————
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal