दिल्ली में दिखेगी राजस्थानी संस्कृति की भव्य छटा, मचेगी घूमर की धूम

नई दिल्ली : राजस्थान फाउंडेशन के दिल्ली चैप्टर और राजस्थानी मित्र मण्डल मिलकर राजधानी दिल्ली में राजस्थानी संस्कृति और खानपान की धमक दिखाने वाले हैं। राजस्थान स्थापना दिवस पर 15 मार्च छतरपुर के आध्यात्म साधना केन्द्र में आयोजित होने वाले भव्य समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। यह आयोजन दिल्ली में कार्यरत प्रवासी राजस्थानियों की 34 प्रमुख संस्थाओं द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा।

 

राजस्थान फाउंडेशन दिल्ली चैप्टर के अध्यक्ष आर. ए. किला (सीए) ने बताया कि `आपणी गणगौर’ में दिल्ली के अबतक के सबसे बड़े महा घूमर नृत्य के लिए प्रवासी राजस्थानियों में भारी उत्साह है तथा कई महिला कलाकारों ने इस मेगा इवेंट के लिए पंजीयन करा लिया है। समारोह के लिए केन्द्रीय मंत्रियों, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, राजस्थान मंत्रिपरिषद् के सदस्यों सहित अन्य कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।

 

उल्लेखनीय है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने इस वर्ष से राजस्थान स्थापना दिवस को अंग्रेजी तिथि 30 मार्च की बजाय स्थापना की हिन्दू तिथि के अनुसार मनाने का निर्णय लिया है। इस निमित्त छतरपुर में `आपणी गणगौर’ के अन्तर्गत महा घूमर का आयोजन होगा, जिसमें लगभग 1000 प्रवासी राजस्थानी परिवारों की महिलाएं सामूहिक घूमर नृत्य प्रस्तुत करेंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाली कुल 30 टीमों में प्रथम तीन विजेताओं को क्रमशः 51 हजार रुपये, 31 हजार रुपये और 21 हजार रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।

 

किला ने बताया कि इस अवसर पर राजस्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले और अपनी उत्कृष्ट सेवा एवं योगदान देने वाले व्यक्तियों के साथ पिछले पांच वर्षों में राजस्थान में न्यूनतम 5 करोड़ रुपये का निवेश या उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 भामाशाहों और 5 समाजसेवियों को भी सम्मानित किया जायेगा, जिनके कार्यों से राजस्थान में लगभग 1000 या उससे अधिक लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा हो।

 

ये सभी नामांकित व्यक्ति मूलतः राजस्थान तथा वर्तमान में दिल्ली में रहने वाले होंगे। इस प्रकार के नामांकन और कार्यक्रमों में सहभागी होने के लिए आयोजनकर्ताओं ने वेबसाइट पर पंजीयन कराने के लिए लिंक जारी किए हैं। इस कार्यक्रम में लगभग 10,000 से अधिक लोगों की उपस्थिति रहने का अनुमान है। इस अवसर दाल-बाटी-चूरमा के साथ राजस्थान के व्यंजन परोसे जाएंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com