कृषि का रोडमैप बनाकर कार्य करें प्रत्येक राज्य : शिवराज सिंह चौहान

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को सेन्ट्रम होटल में आयोजित क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन का दीप जलाकर शुभारम्भ किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लक्ष्य की पूर्ति के लिए प्रत्येक राज्य कृषि का रोडमैप बनाकर कार्य करें। इसके अलावा नकली खाद व नकली पेस्टीसाइज के खिलाफ प्रभावी अभियान लेकर राज्य कठोर कार्रवायी कराएं।

 

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में खाद्यान्न उत्पादन में नंबर एक है। यहाँ की मिट्टी, यहाँ की जलवायु, यहाँ के मेहनती किसान उसके साथ हिमाचल, उत्तराखण्ड, जम्मू काश्मीर, वहां के फल, फूल, सब्जियां विशेष हैं। केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में इंटरनेशनल पोटैटो सेंटर की स्थापना करने का निर्णय भारत सरकार ने लिया है।

 

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि के मामले में हमारे तीन बड़े लक्ष्य हैं। पहला देश की खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित करना। दूसरा किसान की आय बढ़ाना और तीसरा पोषण युक्त आहार उपलब्ध कराना। इसको लेकर हम उत्पादन बढ़ाने, उत्पादन की लागत कम करने, किसान को उचित कीमत दिलाने, नुकसान हो जाय तो उसकी भरपाई हो जाय, इसके साथ कृषि का विविधीकरण जरूरी है।

 

शिवराज सिंह चौहान ने खेती में अंधाधुंध उर्वरकों के उपयोग पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि इससे मिट्टी का स्वास्थ्य खराब हो रहा है। इसके लिए हमको प्राकृतिक व जैविक खेती की ओर भी बढ़ना चाहिए। किसानों को फल, सब्ज व औषधीय खेती भी करनी चाहिए। कहा कि बीज हमारा आधार है। जलवायु के अनुकूल हमें बीज चाहिए। इसके लिए देश के अलग-अलग स्थानों पर सीड सेन्टर स्थापित किये जा रहे हैंं।

 

उन्होंने बताया कि देश के अन्न के भण्डार हमने भरकर रखे हैं। दुनिया में कहीं से मंगाने की आवश्यकता नहीं है। कहा कि हम चावल उत्पादन में नंबर एक हैं। चीन को हमने पीछे छोड़ दिया है। कभी हम लाल गेहूं अमेरिका से मंगाते थे। आज हमारे बासमती की महक कनाडा से लेकर अमेरिका तक लोगों को लुभा रही है। हमारा लगातार उत्पादन बढ़ रहा है। लेकिन 140 करोड़ से ज्यादा आबादी हमारी है। इसके लिए रोडमैप बनाकर आगे बढ़ें। हम अपने देश की कृषि को कैसे उन्न्त स्थिति में ले जाएं। हम छोटी जोत के आधार पर अनाज के साथ पशुपालन, बकरीपालन, मछलीपालन कर सकते हैं। वृक्ष आधारित खेती करें।

 

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि सभी राज्य अपने यहाँ विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाएं। लैब को लैंड तक पहुंचाएं। नए रिसर्च को किसान तक पहुंंचाएं। ज्ञान को किसानों तक पहुंचाएं। हमारे वैज्ञानिक उसमें सहयोग देने के लिए तैयार हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अभियान चलाकर जिन किसानों का किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बना है उनका केसीसी बनवाएं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com